तारुन। थाना क्षेत्र की ग्रामसभा ऊंचगांव मजरे मंठा में रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग से तीन किसानों की आठ बीघा गन्ने की फसल जल गई। ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड टीम के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव निवासी संतोष कुमार, महेश प्रसाद तथा हीरा लाल मौर्य के खेत एक-दूसरे से सटे हैं। रविवार की दोपहर करीब एक बजे गन्ने के बीच में धुएं के गुबार के साथ आग की लपटें अचानक उठती हुई दिखाई पड़ी।
जब तक लोग कुछ समझ पाते और आग को बुझाने के लिये पहुंचते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर बिग्रेड के एफएम दिनेश मिश्रा ने बताया कि सूचना पर चालक राम विलास तथा एफएम संदीप यादव के साथ पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया।
आग लगने से संतोष व महेश का दो दो बीघा तथा हीरालाल का एक एकड़ गन्ना जल गया है। चौकी प्रभारी रामपुरभगन उमेश वर्मा ने बताया कि आग की सूचना है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।