अयोध्या। कारोबारियों को धनतेरस के दिन से ग्राहकों के उमड़ने से बाजार के गुलजार होने की उम्मीद हैं। बीते वर्ष धनतेरस के मौके पर करीब 5 करोड़ की ज्वेलरी बेची गई थी।
इस बार कारोबारी रिकार्ड तोड़ने को लेकर कमर कस चुके हैं। दुकानों पर नई डिजाइन व वैराइटी की भरमार है। ग्राहकों को लुभाने के लिए कई आफर भी दिए जा रहे हैं। किश्तों पर भी गहने बेचने की तैयारी में कई ब्रांडेड कंपनियां प्रचार अभियान चला रही है।
चौक क्षेत्र में छोटे-बड़े करीब दो दर्जन सर्राफा और ज्वैलरी मार्ट खुले हैं। यहां धनतेरस को लेकर कारोबारी दुकानें सजा रहे हैं। आर्डर के अनुसार माल मंगाए गए हैं।
नए-नए आइटम व डिजाइन से दुकानें पटी हैं। पूजन के लिए लोगों में चांदी-सोने के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और जेवरात खरीदने पर अधिक जोर रहता है। सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि धनतेरस सर्राफा व्यवसाय का रीढ़ होता है, पिछली बार बाजार में करीब 5 करोड़ की ज्वेलरी बेची गई थी, इस बार भी इससे ज्यादा का व्यापार होने की उम्मीद है। इसको लेकर लोगों ने अलग-अलग तैयारियां की है, दुकान पर सोने-चांदी से लेकर हीरे आदि के आइटमों के साथ विभिन्न ब्रांड की ज्वेलरी से भी सजाया गया है।