सोहावल तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा पिलखावां के मजरे चिरौंधापुर गांव में शुक्रवार की देर रात गेहूं का खेत सींचने गए एक किसान की ठंड लगने से मौत हो गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सोहावल के पिलखावां के मजरे चिरौंधापुर गांव में रात करीब 10:30 बजे किसान दुर्गा प्रसाद वर्मा (57) पुत्र दुखरन वर्मा अपनी गेहूं की फसल सींचने खेत गया था। जब वह काफी देर बाद भी घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी तारावती उसे ढूंढने निकली।
खेत जाकर देखा तो वहां पति दुर्गा की टॉर्च जल रही थी और वह कुछ दूरी पर पड़ा हुआ था। किसान के पुत्र सुशील वर्मा ने बताया कि पिताजी खेत में ही मरे पड़े थे। जिसके बाद गांव में कोहराम मच गया।
पुत्र ने बताया कि पिता को बहुत ठंड लग रही थी और खेत जाने से पहले घर में तापने के लिए आग जला कर गए थे और जाते वक्त बोले कि खेत से लौटकर आग तापूंगा। इस बाबत एसडीएम सोहावल अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है।
शव को पीएम के लिए भेजवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी कि मौत ठंड से हुई है या फिर किसी अन्य कारण से। प्रधान रामजी वर्मा, रामभवन, सत्य प्रकाश, रामनारायण, बबलू पांडेय व राम अभिलाख पांडेय ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की मांग की है।