मवई। मवई थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव के जनसेवा केंद्र के संचालक से रामपुर जनक गांव के निकट रास्ते मे 73 हजार की लूट हो गई। सड़क किनारे छुपे लुटेरों ने सिर पर हमला कर उसकी बाइक गिरा दी। उसके बेहोश होते ही पैसे लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
मवई के रामपुर जनक गांव निवासी रवि कुमार विश्वकर्मा की शेरपुर गांव में जन सेवा केंद्र की दुकान है। जनसेवा केंद्र में ही वह बैंकिंग का भी कार्य करता है।
रवि ने बताया कि गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह दुकान बंद करके बाइक से अपने घर रामपुर जनक जा रहा था, इस दौरान प्रयागदत्त पुरवा और रामपुर जनक गांव के बीच रास्ते में स्थित सड़क किनारें छिपे लुटेरों ने पीछे से बाइक रोककर गिरा दिया और उनके दोनों हाथ पकड़ लिया और सिर पर डंडे से वार कर उन्हें बेहोश कर दिया। उनके बेहोश होने के बाद लुटेरे उनकी जेब में रखे 73 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। होश में आने पर उसने इसकी सूचना यूपी 112 पर दी।
बताया कि गुरुवार रात में ही मवई थाने पर पहुंचकर उसने तहरीर दी। सीओ रुदौली डॉ. धर्मेंद्र यादव ने बताया कि मामले की जांच थाना प्रभारी मवई ने किया है, मामला संदिग्ध लग है।