मंडल में जैसे-तैसे सरकारी लक्ष्य के सापेक्ष 71 फीसदी गेहूं खरीदा गया है। 15 जून को खत्म हुई खरीद के अंतिम आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक बाराबंकी में खरीदारी हुई है।
जबकि सरकारी क्रय एजेंसी विपणन शाखा ने आढ़तियों के सहयोग से लक्ष्य का 120 फीसदी कर डाली है। वहीं अधिक लक्ष्य लेने वाली पीसीएफ एजेंसी की खरीद महज 33.97 फीसदी तक ही सीमित रही।
गौरतलब है कि 2 अप्रैल से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूं खरीद की जा रही थी। ढाई महीने तक चली गेहूं खरीद 15 जून को खत्म हो गई है। इस दौरान फैजाबाद मंडल में लक्ष्य एक लाख 78 हजार 950 टन के सापेक्ष एक लाख 26 हजार 694.84 टन गेहूं खरीदा गया है। यह लक्ष्य का 70.80 प्रतिशत है।
संभागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय से मिले अंतिम आंकड़ों के मुताबिक फैजाबाद जिले में लक्ष्य 28000 टन के सापेक्ष 18321.13 टन, अंबेडकरनगर में लक्ष्य 30000 के सापेक्ष 20851.93 टन, सुल्तानपुर में लक्ष्य 24500 के सापेक्ष 14113.56 टन, बाराबंकी में 65000 टन के सापेक्ष 42553.49 टन तथा अमेठी जनपद में 31450 के सापेक्ष 30854.73 टन गेहूं खरीदा गया है।
वहीं क्रय एजेंसियों में सबसे अधिक सरकारी क्षेत्र की विपणन शाखा ने लक्ष्य 68000 के सापेक्ष 81783.06 टन, पीसीएफ ने 63000 के मुकाबले 21399.54 टन, यूपीएग्रो ने 6000 के सापेक्ष 2222.00 टन, यूपीएसएस ने 16500 के सापेक्ष 6974.25 टन गेहूं खरीदा है।
कर्मचारी कल्याण निगम ने 4450 टन के सापेक्ष 2065.90 टन, एनसीसीएफ ने 5500 टन के मुकाबले 1150.10 टन, पंजीकृत सहकारी समितियों ने 4500 के सापेक्ष 2927.94 टन तथा भारतीय खाद्य निगम ने 11000 टन के सापेक्ष 8172.05 टन गेहूं खरीदा है।
खरीद खत्म हो जाने के बाद अब अधिकारियों का सारा जोर सरकारी खरीद के गेहूं का सुरक्षित भंडारण कराने पर है। बताया जा रहा कि आरएफसी मनमोहन चौधरी ने सभी जिलों के डिप्टी आरएमओ को सख्त निर्देश देकर अतिशीघ्र गेहूं का भंडारण करा देने को कहा है।
सूत्रों के अनुसार मंडल में अभी केवल 10594.62 टन गेहूं गोदाम नहीं पहुंच सका है। इसके अलावा खरीदा गया 116100.22 टन गेहूं गोदाम में भंडारित करा दिया गया है।