मुरादाबाद ने मेरठ को पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। मेरठ को चौथे स्थान पर संतोष करना पड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज के संयोजन में आयोजित नेहरू प्रतियोगिता के अंतर्गत खेले गए खिताबी मुकाबले में फैजाबाद की आदर्श इंटर कॉलेज और वाराणसी की कमलाकर चौबे आर्दश इंटर कॉलेज की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
मैच के 25 वें मिनट में आदर्श कॉलेज फैजाबाद के प्रिंस ने राइट विग से आई क्रॉस को गोल में तबदील कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। मध्यांतर के बाद दोनो टीमों में गोल अंतर कम करने और और गोल अंतर बढ़ाने की होड़ रही।
फैजाबाद के मोक्ष ने मैच के 55 वें मिनट में गोल कर 2-0 की विजयी बढ़त बना ली। मैच के अंतिम क्षणों में वाराणसी गोल करने का अवसर नही भुना सकी। एमपीएलएल आदर्श इंटर कॉलेज की टीम फैजाबाद में दूसरी बार खिताब जीतने वाली टीम बनी है।
आदर्श इंटर कॉलेज की टीम दिल्ली में आयोजित जूनियर नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी। तीसरे और चौथे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में मुरादाबाद की टीम ने मेरठ को पराजित कर तीसरे स्थान पर रही।
राजन सुस्मीत, अख्तर, शादाब, योगेश्वर सिंह, पंकज, अतुल वर्मा, दलेर, सौरभ, विजेन्द्र सिंह, किशन कुमार सीपी सिंह, हरिकृष्ण सिंह, धीरेन्द्र प्रताप सिंह निर्णायक रहे। उप शिक्षा निदेशक फैजाबाद उदयराज और जिला ओलंपिक संघ के सचिव जितेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार तिवारी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न प्रदान किया। रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।