एप बताएगा मंदिर का इतिहास, ऑनलाइन होगी आरती की बुकिंग, हेल्प सेंटर की भी होगी स्थापना
अयोध्या। राममंदिर बन जाने के बाद भक्तों को मिलने वाली ज्यादातर सुविधाएं ऑनलाइन हो जाएंगी। इसके लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट एक एप बनाएगा। इस एप पर मंदिर के इतिहास से संबंधित समस्त सुविधाओं की जानकारी रहेगी। एक क्लिक से श्रद्धालु एप के जरिए इसका लाभ ले पाएंगे।
श्रीरामजन्मभूमि परिसर में राममंदिर का निर्माण करीब 90 फीसदी पूरा हो चुका है। गर्भगृह यानी कि भूतल की छत डालने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। ट्रस्ट का अनुमान है कि राममंदिर भक्तों के लिए खुल जाने के बाद करीब एक लाख श्रद्धालु हर रोज रामलला के दरबार पहुंचेंगे। ऐसे में ट्रस्ट भक्तों के लिए सुविधाएं विकसित करने व भीड़ नियंत्रण का प्लान बनाने में जुटा हुआ है। भक्तों को अधिकांश सुविधाएं ऑनलाइन मिल सकेंगी। श्रद्धालु एप के जरिए आरती की बुकिंग कर सकेंगे। साथ ही गेस्ट हाउस की भी बुकिंग करा सकेंगे।
बताया गया कि भक्तों के लिए ऑनलाइन दान देने की भी सुविधा रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्प सेक्शन भी खोला जाएगा। जहां श्रद्धालुओं को हर सुविधा और मंदिर के इतिहास की जानकारी मिलेगी। मंदिर से जुड़े अधिकारियों के नंबर के साथ ही ईमेल आईडी भी दर्ज करने की योजना है। इस पर क्विक रिस्पांस के जरिए श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। फिलहाल ट्रस्ट की ओर से कई अस्थायी व्यवस्थाएं पहले से की जा चुकी है। श्रद्धालुओं को निशुल्क अमानतीघर, यात्री सुविधा केंद्र, व्हीलचेयर आदि की व्यवस्थाएं भक्तों को मिल रही हैं।
रामजन्मभूमि पथ पर खुला निशुल्क चिकित्सा केंद्र
अयोध्या। रामजन्मभूमि पथ पर अब भक्तों को निशुल्क चिकित्सा भी मिल सकेगी। पथ पर बुधवार से चिकित्सा केंद्र का शुभारंभ हो गया है। यहां होम्योपैथिक पद्धति से चिकित्सा की सुविधा है। लखनऊ के सेवानिवृत्त जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ.चंद्रगोपाल पांडेय हर रोज यहां श्रद्धालुओं का उपचार करेंगे। यह केंद्र नित्य दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक खुला रहेगा। संवाद