अयोध्या। कचहरी सीरियल ब्लास्ट केस में आरोपी मोहम्मद अख्तर उर्फ तारिक को कोर्ट में पेश नहीं करने पर कोर्ट ने लखनऊ के वरिष्ठ जेल अधीक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया है।
मामले में अगली पेशी 3 सितंबर नियत की गई है। वहीं इस आरोपी के कोर्ट में पेश न होने के कारण मामले की सुनवाई मंगलवार को भी टल गई।
एडीजी विजय कुमार ओझा ने बताया कि मंगलवार को कचहरी सीरियल ब्लास्ट केस की सुनवाई थी। लखनऊ की जेल में निरुद्ध आरोपी मोहम्मद अख्तर तारिक को पिछली पेशी पर भी कोर्ट में नहीं लाया गया था।
मंगलवार को भी उसे कोर्ट में उपस्थित नहीं कराया गया। इस पर कोर्ट ने लखनऊ जेल के अधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है। अन्य दोनों आरोपियों तारिक कासमी व सज्जाद उर रहमान को कड़ी सुरक्षा में लाकर जेल में लगी अदालत में अपर जिला जज अशोक कुमार के समक्ष पेश किया गया। सुनवाई के बाद दोनों को फिर जेल भेज दिया गया।