अयोध्या। जिले के परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के शिक्षा के स्तर की गुणवत्ता को परखने और शैक्षिक स्तर को उत्कृष्ट बनाने के उद्देश्य से दूसरे चरण की ग्रेडेड लर्निंग आउटकम परीक्षा 14 फरवरी को होगी।
इस बार परीक्षा में कक्षा तीन से आठ तक के एक लाख 57 हजार विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। शासन से निर्देश प्राप्त होते ही बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां जोर की गई हैं। इससे पूर्व आठ नवंबर को आयोजित हुई परीक्षा में कक्षा पांच से आठ तक के बच्चों को शामिल किया गया था।
जिले के 1529 प्राथमिक एवं 566 जूनियर हाईस्कूल व दस कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के विषयवार उपलब्धि स्तर जांचने के उद्देश्य से दूसरे चरण की लर्निंग आउटकम परीक्षा 14 फरवरी को होगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इस परीक्षा में परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के कक्षा तीन से पांच तक के बच्चे हिस्सा लेंगे। उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कक्षा छह से आठ तक व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को शामिल किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन सुबह दस से दोपहर बारह बजे तक किया जाएगा।