अयोध्या। गुप्तार घाट पर सरयू में नौ जुलाई को डूबे आठ मृतकों के परिजनों को जिला प्रशासन ने चार-चार लाख की अनुग्रह राशि प्रदान की है। एक मृतक के परिजन का बैंक खाता न होने से अनुदान प्रदान नहीं किया जा सका है।
बैंक खाता प्राप्त होने के बाद उसे भी चार लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। सरयू में डूबे सभी लोग आगरा के शास्त्रीपुरम के रहने वाले थे।
सरयू के गुप्तार घाट पर नौ जुलाई एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में आगरा के रहने वाले 12 लोग नदी की तेज धारा में बह गए थे। इसमें से तीन लोग सुरक्षित बच गए थे।
राहत व बचाव कार्य के लिए लगीं एनडीआरफ के साथ एसडीआरएफ की टीमों ने तीन दिन में नौ लोगों के शव बरामद किए थे। दुर्घटना के मृतक के परिजनों को अनुग्रह राशि देने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने आगरा के एडीएम को पत्र लिखकर मृतक के जीवित परिजनों की सूचना और बैंक खाता विवरण मांगा था।
आगरा के एडीएम योगेंद्र कुमार से विवरण मिलने के बाद जिला प्रशासन ने अब तक आठ मृतक के परिजनों को अनुग्रह अनुदान प्रदान कर दिया है।
इनमें सरयू में डूबी मृतक राजकुमारी और पंकज गोयल के परिजन अशोक कुमार गोयल को आठ लाख, प्रियांशी की मौत पर सतीश गोयल को चार लाख, सीता उर्फ दामिनी और दृष्टि की मौत पर सतीश अग्रवाल को आठ लाख, गीता अग्रवाल, सार्थक और श्रुति की मौत पर देवेंद्र गोयल को 12 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गई है।
यह राशि मृतक के परिजनों के खाते में भेज दी गई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गोरे लाल शुक्ल ने बताया कि दुर्घटना के आठ मृतकों के परिजनों को अलग-अलग कुल 32 लाख रुपये अनुग्रह राशि के रूप में उनके परिजनों के खाते में भेज दी गई है।
एक मृतक ललित गोयल की पत्नी नीतू गोयल का बैंक खाता नहीं है। एडीएम आगरा ने पत्र भेजकर बताया है कि बैंक खाता खुलवाकर सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। बैंक खाता प्राप्त होने के बाद उसे भी अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।