अयोध्या। रामनगरी के व्यापारी रामपथ सड़क निर्माण में उजड़ चुके व्यापार को संभालने की कवायद में जुटे हुए हैं। हालत यह है कि जो व्यापारी मुख्य मार्ग पर दुकान करते थे, वह अब गलियों में व्यापार करने पर मजबूर हैं। व्यापारियों का कहना है कि विपत्ति के समय प्रशासन ही नहीं बल्कि उनके दुकान मालिकों ने भी उनका साथ छोड़ दिया। आज पीछे जगह देने या नई दुकान देने के लिए वह इतनी कीमत मांग रहे हैं, जिसे देना उनके बस से बाहर है। एक समय था कि शहर के मुख्य मार्ग पर बनी दुकानें अयोध्या की शान हुआ करती थीं। देवकाली मोड़ के पास मौर्या की दही-जलेबी, रबड़ी इमरती, पोस्ट ऑफिस तिराहे पर मोहन प्रोविजन स्टोर, श्रृंगार हाट में मॉर्डन बुक डिपो, कोतवाली के सामने धार्मिक पुस्तकों का त्रिवेदी पुस्तकालय, हनुमानगढ़ी चौराहे के पास पुन्नन की जलपान की दुकान, पेट्रोल पंप के सामने चंद्रा होटल यहां की पहचान थे।
राजसदन के सामने पान की दुकान राजनीति का मिनी अखाड़ा हुआ करती थी। शाम को यहां सभी राजनीतिक दलों के लोगों का एक साथ मिलने का ठिकाना था। आज यह सड़क चौड़ीकरण की जद में आकर खत्म हो चुकी है। जो प्रतिष्ठान बचे हैं, उनके पास इतनी कम जगह है कि वहां अब व्यापार करना संभव नहीं। शुरुआत में अयोध्या के व्यापारियों ने व्यापार भर की जगह बचने की संभावना जताई थी लेकिन अब उम्मीद खत्म होने के बाद वह अब अपने पुश्तैनी व्यापार को बचाने की कवायद में लग गए हैं।
दुकान जाने का गम सभी व्यापारियों में हैं, लेकिन उनके अंदर गुस्सा भी है। उनका कहना है कि बुरे समय में प्रशासन तो दूर दुकान मालिकों ने भी साथ नहीं दिया। व्यापारी शैलेंद्र गुप्त बताते हैं कि करीब 700 दुकानें प्रभावित हुई हैं। कहा कि अधिकांश दुकान के पीछे पर्याप्त जगह थी। विपत्ति के समय अपने किरायदारों का साथ देने की जगह वह जगह देने के लिए इतनी कीमत मांग रहे हैं जो सामान्य दुकानदार के बस में नहीं है। उनका कहना है कि अयोध्या के हनुमानगढ़ी, राजा अयोध्या समेत अन्य बड़े भू-मालिकों ने दिल दिखाया होता तो आज यह नौबत नहीं आती।
दुकान जाने का गम, अब व्यापार बचाने की चुनौती
पोस्ट ऑफिस तिराहे के बगल मोहन प्रोविजन स्टोर शहर की सबसे बड़ी राशन की दुकान मानी जाती है। अब यह मुख्य बाजार से हटकर गलियों में आ गई है। इसका संचालन करने वाले अजय माहेश्वरी बताते हैं कि यह दुकान उनकी तीन पीढि़यों द्वारा करीब 80 वर्ष से संचालित हो रही है। दुकान का मिला मुआवजा उसकी मालियत से बहुत कम है। फिर भी पुश्तैनी व्यापार को बचाने के लिए वह कोतवाली के बगल गली में दुकान खोलने पर मजबूर हुए।
एक झटके में चली गई पूरी दुकान
कोतवाली के ठीक सामने त्रिवेदी पुस्तकालय शहर के धार्मिक पुस्तकों की प्रसिद्ध दुकान थी। इसके मालिक नंद किशोर त्रिवेदी बताते हैं कि एक झटके में पूरी दुकान चली गई। मजबूरी में रानी बाजार में किराए की दुकान में व्यापार चला रहे हैं। कहा कि उनकी दुकान पर बाहर से बहुत से लोग आते थे, अब सबको नई दुकान का पता देना संभव नहीं होगा।
मजबूरी में घर पर ही चला रहे दुकान
अयोध्या हनुमानगढ़ी चौराहे के बगल आमने-सामने मंगल व गायत्री मेडिकल स्टोर हैं। अब यह दुकान वे अपने घर से संचालित कर रहे हैं। मंगल मेडिकल स्टोर के दीप नारायन गुप्ता दुकान जाने से अवसाद में हैं। कुरेदने पर आंखों में आंसू आ जाते हैं। कहते हैं कि बड़ी मुश्किल हालात में करीब 15 साल पहले दुकान ली थी, जो एक झटके में चली गई। दूसरी खरीदने की भी हिम्मत नहीं थी, मजबूरी में टेढ़ी बाजार के पास एक गली में बने अपने घर में दुकान खोलकर जीवन यापन कर रहे हैं।