गांव हासापुर के पास हादसे के बाद क्षतिग्रस्त डंपर व टूटा हुआ ठेला ।
- फोटो : अमर उजाला
फैजाबाद-इलाहाबाद राजमार्ग पर थाना पूरा कलंदर अंतर्गत गांव हासापुर के निकट लिम्का फैक्टरी के पास एक बेकाबू डंपर पटरी दुकानदारों के ऊपर चढ़ गया। इस घटना में चार लोग घायल हो गए जबकि पटरी दुकानदारों का सारा सामान नष्ट हो गया। घटना की सूचना पाकर यूपी-100 की गाड़ी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी थी।
फैजाबाद-इलाहाबाद राजमार्ग पर अंतर्गत गांव हासापुर के निकट लिम्का फैक्टरी के पास बीकापुर से फैजाबाद की तरफ आ रहा एक डंपर बेकाबू हो गया और सड़क से नीचे पटरी पर आ गया। उस जगह पर साप्ताहिक बाजार होने के कारण कई दुकानदार अपनी दुकान लगाए हुए थे।
ये बेकाबू डंपर सड़क किनारे साइकिल पंक्चर की दुकान लगाने वाले हासापुर निवासी राजनारायन व चाऊमीन का ठेला लगाए शिवकुमार गुप्ता निवासी हासापुर को रौंदते हुए शिवराम के किराने की दुकान पर आकर रुक गया, इस दौरान इसकी चपेट में दुकान के बाहर बैठी शिवराम की मां लीलावती आ गई।
इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और दुकान व ठेला समेत सारा सामान चकनाचूर हो गया। भीड़ ने डंपर के चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसमें एंबुलेंस तो नहीं पहुंची तो यूपी-100 ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां लीलावती की हालत गंभीर बताई जा रही है जबकि अन्य तीन के हाथ-पैर में फैक्चर बताया जा रहा है। वहीं पूराकलंदर पुलिस के अनुसार डंपर ड्राइवर को नींद आने से हादसा हुआ।