सत्ता बदलते ही अखिलेश सरकार की ओर से अरबों रुपये खर्च कर बन रहे स्टेट हाईवे के काम पर भी ग्रहण लग गया है। अब इसे केंद्र सरकार के भूतल परिवहन मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपा जाएगा।
हालांकि यह आदेश पहले भी था, मगर अखिलेश सरकार ने एनओसी न देकर खुद उच्चीकरण का कार्य शुरू कराया था। अब केंद्र सरकार के नए आदेश से उच्चीकरण का काम रोक दिया है। इससे फैजाबाद जोन की फैजाबाद से गोंडा होते हुए बलरामपुर मार्ग और गोंडा से लखनऊ मार्ग का काम ठप हो गया है।
जबकि स्टेट हाईवे फैजाबाद से जौनपुर वाया शाहगंज मार्ग और बहराइच से आजमगढ़ वाया फैजाबाद मार्ग अब एनएचएआई में शामिल होगा। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने मांगे गए सभी सड़कों के उच्चीकृत करने में हुए खर्च व इस्टीमेट तैयार करने को ब्योरा जुटाने के निर्देश अभियंताओं को जारी किए हैं।
केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय की ओर से फैजाबाद से गोंडा होते हुए बलरामपुर मार्ग और गोंडा से लखनऊ मार्ग का ब्योरा मांगे जाने पर विभाग में खलबली मची हुई है। यह सभी स्टेट हाईवे हैं, जिन पर हाल में करोड़ों रुपये खर्च हो चुके हैं। अरबों की लागत से गोंडा-जरवल और गोंडा-बलरामपुर मार्ग निर्माणाधीन है।
अब इसे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर दिया गया है। इसी के साथ सभी काम रोकने के आदेश दिए गए हैं। बताते हैं कि इन दोनाें सड़कों को पहले भी एनएच में शामिल किया गया था लेकिन सूबे की अखिलेश सरकार की ओर से एनओसी नहीं दी गई।
गोंडा-जरवल के निर्माण कार्यों की देखरेख कर रहे विभाग के एक्सईएन डीके कुरील ने बताया कि 72 करोड़ रुपये अब तक खर्च हो चुके हैं। बाकी पैसे शासन को लौटाए जा रहे हैं। बताते हैं कि 459 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क बन रही थी, जिसके लिए सिर्फ 100 करोड़ की किश्त दी गयी थी।
वहीं गोंडा-बलरामपुर रोड के कार्यों देखरेख करने वाले विभाग के एक्सईएन वीके चौधरी का कहना है कि 141 करोड़ की लागत बढ़कर 167 करोड़ हो गई थी। लेकिन रिवाइज रेट को अभी वित्तीय मंजूरी नहीं मिली थी। निर्माण के लिए 50 करोड़ की किश्त जारी हुई थी जो कि आधी से अधिक सड़क के निर्माण होने पर खर्च हो चुके हैं, कार्यों के मुताबिक और पैसों का डिमांड किया जाना है।
दो सड़कें होंगी उच्चीकृत : बहराइच से आजमगढ़ बाया फैजाबाद व जौनपुर से शाहगंज बाया फैजाबाद यह दोनाें सड़कें जल्द उच्चीकृत होने की उम्मीदें हैं। केन्द्र की ओर से इन दोनों सड़कों को एनएच में परिवर्तित करने में होने वाले खर्च ब्योरा मांगा गया है।
फैजाबाद से जौनपुर वाया शाहगंज और बहराइच से आजमगढ़ वाया फैजाबाद मार्ग को एनएचएआई में शामिल होगीं। इसके अलावा राज्य सरकार से बन रही 46 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन फोरलेन गोंडा-जरवल व 42 किलोमीटर और टू लेन गोंडा-बलरामपुर को भी एनएचआई में लिया गया है। केंद्र सरकार ने इन सड़कों का काम रोक दिया है, साथ ही उच्चीकृत करने में अब तक हुए खर्च व इस्टीमेट का ब्योरा मांगा है। इसे जुटाने के निर्देश अभियंताओं को जारी किए गये हैं, जल्द ही इसे भेज दिया जाएगा।- आरआर सिंह, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी