रुदौली/भेलसर। रुदौली कोतवाली के भेलसर चौकी अंतर्गत ग्राम चका का पुरवा में गुरुवार को स्नान करने गए युवक की डूबकर मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चका का पुरवा मजरे अल्हवाना गांव के ही निवासी विश्राम (26) पुत्र रतिपाल गुरुवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे घर के सामने तालाब में स्नान करने गया था। स्नान करते समय वह गहराई में चला गया, जिससे वह डूबने लगा।
युवक को डूबते देख वहां पर आसपास में मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। शोर सुनकर दौड़े कुछ ग्रामीण उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी और उसे खोजने में जुट गए। लेकिन तालाब की गहराई अधिक होने के कारण उसे बचाने में असफल रहे, जिससे उसकी मौत हो गई।
तालाब में डूबने की खबर से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। खबर ग्रामीणों ने भेलसर पुलिस चौकी प्रभारी को दी। मौके पर पुलिस चौकी प्रभारी सहित एसआई रवीश कुमार ने ग्रामीणों को मदद से शव को बाहर निकलवाया। भेलसर चौकी प्रभारी रतन शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर शव बरामद कर लिया।