हनुमतनगर। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के अंजना मजरे सुजानपुर में शनिवार सुबह गांव के बाहर तालाब में गांव के ही एक युवक का शव उतराता हुआ दिखाई पड़ा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है, आशंका है कि शौच के दौरान वह फिसलकर तालाब में गिर गया होगा।
अंजना मजरे सुजानपुर निवासी सुरेंद्र कुमार (26) पुत्र स्व. शिव प्रसाद शुक्रवार शाम करीब सात बजे नित्यक्रिया के लिए घर से निकला लेकिन घर वापस नहीं लौटा। रातभर उसके परिवारीजनों ने उसकी तलाश की।
शनिवार सुबह ग्रामीणों द्वारा सुरेंद्र का शव गांव से सौ मीटर उत्तर तरफ जमूरतगंज-बिल्हार घाट मार्ग पर स्थित तालाब में देखा गया। प्रधान राम प्रकाश वर्मा ने सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
सीओ अयोध्या अमर सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं है, आशंका है कि शौच के दौरान वह फिसलकर तालाब में गिर गया हो। फिलहाल मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।