शुजागंज। अयोध्या-गोंडा सीमा पर सवारियों को लेकर जा रही एक नाव पलटने से जिले के रुदौली निवासी शिक्षक संदीप गुप्ता की मौत हो गई। वह गोंडा के ऐलीडीहा के प्राथमिक स्कूल में पढ़ाने नाव से जा रहे थे। नाव में 30 लोग सवार थे।
24 लोगों में से कुछ ने खुद तैरकर तो कुछ को स्थानीय लोगों ने बचाया। मौके पर डीएम अनुज कुमार झा, एसएसपी आशीष तिवारी समेत प्रशासन व पुलिस की टीम के साथ जल पुलिस ने रेेस्क्यू किया। पीपा पुलिस से टकराकर नाव पलटने की घटना गोंडा जिले के उमरीबेगमगंज थानाक्षेत्र के ऐली परसौली गांव के मांझा क्षेत्र में हुई।
रुदौली के कैथी घाट से 30 सवारियों को लेकर नाव गोंडा तट की ओर रवाना हुई थी। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के ऐली परसोली के पास पीपापुल से टकराकर नाव पलट गई। जिसमें से 17 लोग तैरकर बाहर आ गए जबकि 7 लोगों को स्थानीय युवक अरुण यादव ने अपनी जान पर खेलकर बाहर निकाला।
जबकि ग्रामीणों ने एक युवक की लाश बाहर निकाली, जिसकी पहचान रुदौली के खतरना निवासी प्राथमिक शिक्षक संदीप गुप्ता (20) पुत्र जय नारायण कसौधन के रुप में हुई है। संदीप प्राथमिक विद्यालय ऐलीडीहा में तैनात था।
लापता लोग ऐली परसौली क्षेत्र के बताए जा रहे हैं, जिनका अभी तक पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों के अनुसार नाव में तीन बाइकें भी रखीं हुईं थीं। जिसमें एक बाइक मृतक संदीप गुप्ता की व दो अन्य की थी। एनडीआरएफ टीम मौके पर पहुंच कर लापता लोगों की तलाश करने में लगी हुई है।