अयोध्या। अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में कई सामाजिक संगठन मंगलवार को स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल में रक्तदान करेंगे। रक्तदान सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन मंगलवार सुबह जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके राय व महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. श्रीकांत शुक्ल संयुक्त रूप से करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अवध विवि के उप क्रीड़ा सचिव डॉ. मुकेश वर्मा, मेजर ध्यानचंद खेल उत्थान समिति के अध्यक्ष आकाश गुप्ता, डेरा सच्चा सौदा के सूर्यभान इंसा, समाजसेवी प्रशांत कीर्ति गुप्ता रहेंगे। शिविर में रक्तदान के लिए अलग-अलग संस्थाओं के 50 लोगों ने पंजीकरण कराया है। रक्तदान करने वाले युवाओं को अमर उजाला फाउंडेशन प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेगा।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके राय ने बताया कि रक्तदान से जुड़ी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सक मौजूद रहेंगे और उन्हें रक्तदान के बारे में जानकारियां भी मुहैया कराएंगे।
रक्तदान से कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है। एक यूनिट रक्तदान से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है।