संत हमारे पूज्य हैं, महंत नृत्यगोपाल दास आदरणीय हैं, मंदिर निर्माण के प्रति उनकी उत्कंठा स्वाभाविक है। आराधना करने और पत्थर लाने पर रोक नहीं है लेकिन सर्वोच्च अदालत के आदेश का पालन होगा। यह विचार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई ने व्यक्त किया।
वह मंगलवार देर शाम भारत रत्न अटल विहारी वाजपेयी के 92 वे जन्मदिवस पर आयोजित कवि सम्मेलन में शरीक होने आए थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा और बसपा दोनों का भ्रष्टाचार के प्रति नरम रुख है।
बीएसपी की सरकार लोकायुक्त की 24 सिफारिशों पर चुप्पी साधे रही क्योंकि ये सभी सिफारिशें बसपा नेताओं के खिलाफ हैं। ये सभी लंबित हैं। कमोबेश ऐसा ही रुख सपा सरकार का भी है।
भविष्य में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न हो, इसलिए सपा सरकार लोकायुक्त पद के लिए कुछ खास लोगों के पक्ष में अड़ी हुई है। यह साबित करता है कि सपा और बसपा दोनों भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। कवि सम्मेलन के शुरू होने के पहले उन्होंने जनसंघ काल के और कई वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया।