तीन दिन से धरना-प्रदर्शन के बीच शुक्रवार को नगर कोतवाली के साहबगंज क्षेत्र स्थित देशी शराब ठेके को खोलने की कोशिश हुई तो विरोध कर रहीं क्षेत्र की महिलाएं फिर से आ धमकीं। मौके पर पहुंची महिलाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके की नजाकत देखते हुए पुलिस व आबकारी विभाग को बैरंग लौटना पड़ा।
साहबगंज इलाके में अंग्रेजी शराब, बीयर व देशी शराब ठेके के खिलाफ स्थानीय लोग आंदोलित हैं। ठेके को बंद कराने के लिए अंग्रेजी शराब व बीयर शॉप में तोड़फोड़, सेल्समैन के साथ मारपीट तथा लूटपाट की घटना हो चुकी है। दो दिन पहले हुई घटना के बाद से क्षेत्र की तीनों दुकानों पर ताला लटका हुआ है।
शुक्रवार को दूसरी पहर तीन बजे देशी शराब ठेका संचालक की ओर से आबकारी विभाग की मदद से दुकान खोलने की कोशिश की गई तो मामले की जानकारी क्षेत्र की महिलाओं को लग गई। माजरा देख आंदोलित महिलाएं देशी शराब ठेके पर पहुंच गईं और दुकान के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। प्रदर्शन में अनीता, काजल कनौजिया, सीता कनौजिया, माधुरी, राघवराम यादव, चंदगीराम, उपेंद्र कुमार, विनय कुमार, संजय कनौजिया शामिल रहे।
सीओ सिटी विक्रांतवीर ने बताया कि आंदोलित महिलाओं व अन्य का पक्ष सुना गया है। फिलहाल अभी दुकान बंद रखने की हिदायत दी गई है। प्रकरण पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।