अयोध्या। जिला पंचायत का कार्यकाल समाप्त हो गया। प्रशासक के रूप में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने पदभार संभाल लिया। इस बीच पांचवें और 15 वें राज्य वित्त से होने वाले 31 कार्यों का टेंडर भी शुक्रवार को डाला जाएगा। इसे पूर्व अध्यक्ष के कार्यकाल में निरस्त कर दिया गया था।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी के बीच पहले ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 25 दिसंबर की मध्यरात्रि समाप्त हो गया था। इसके बाद ब्लॉकों में तैनात सहायक विकास अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के प्रशासक के रूप में तैनात किया गया। अब इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष श्वेता सिंह का कार्यकाल भी 13 जनवरी की मध्यरात्रि 12 बजे समाप्त हो गया। प्रदेश शासन ने जिला पंचायत के प्रशासक के रूप में जिलाधिकारी को नियुक्त किया है। डीएम अनुज कुमार झा ने गुरुवार को जिला पंचायत के प्रशासक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। अपर मुख्य अधिकारी उमेश चंद्र ने बताया कि इसकी सूचना शासन को भेज दी गई है।
पांचवें और 15वें वित्त आयोग से होने वाले लगभग 31 कार्यों के लिए शुक्रवार को टेंडर डाले जाएंगे। यह टेंडर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त होने से कुछ समय पहले निरस्त कर दिया गया था। टेंडर फॉर्म खरीदने वाले कई दर्जन ठेकेदार के हजारों रुपये डूब गए थे। इसको लेकर पंचायत प्रशासन की खासी किरकिरी भी हुई थी। अपर मुख्य अधिकारी उमेश चंद्र ने बताया कि लगभग दो करोड़ से होने वाले कार्यों के लिए शुक्रवार 15 जनवरी को टेंडर डाले जाएंगे।