सोहावल। मनरेगा श्रमिक बनकर पंचायत में पटाई जा रही सड़क के लिए मिट्टी खोद रही महिला अचानक गिरकर बेहोश हो गई। जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि ग्राम परानापुर मजरे बरवा निवासी मीरा वर्मा पत्नी दुर्गा प्रसाद ग्राम सभा में मनरेगा के तहत सड़क पटाई के काम में लगी थी। शनिवार दोपहर बाद वह टोकरी में मिट्टी भरकर ले जा रही थी।
अचानक महिला बेहोश होकर गिर गई। उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गांव निवासी केके पटेल, जगजीवन पटेल, राजेंद्र वर्मा, राज किशोर आदि ने बताया कि महिला की मौत का कारण चिकित्सकों ने ब्रेन हैमरेज बताया है। पुलिस ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार किया है।