रुदौली। कोतवाली रुदौली के मोहल्ला पूरेकाजी में नित्यक्रिया के लिए नहर के किनारे गए अधेड़ नहर में डूब गया। पुलिस ने नहर के पानी को बंद कराकर अधेड़ की तलाश शुरू की तो करीब पांच घंटे की मेहनत के बाद अधेड़ का शव घटनास्थल से करीब दो किमी दूर बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शनिवार की दूसरी पहर शहर के मोहल्ला पुरेकाजी में हिंदू इंटर कॉलेज के बगल रहने वाले पेंटर राम यश मौर्य (50) शौच के लिए शारदा नहर के किनारे गए थे। यहां पैर सरकने से वह नहर में डूब गए। नहर की पटरी से जा रहे ग्राम जलालपुर के प्रधान राम नवल ने उन्हें डूबते देखा और इसकी सूचना आसपास के लोगों को देकर पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर कोतवाल विश्वनाथ प्रसाद यादव, चौकी प्रभारी नयागंज रबीश कुमार ने निजी गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। वहीं जानकारी मिलने पर विधायक रामचंद्र यादव, सीओ निपुण अग्रवाल, तहसीलदार प्रज्ञा सिंह, नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुचे। विधायक ने उफनाकर चल रही नहर के पानी कम करने के लिए शारदा नहर प्रखंड बाराबंकी के अधिशासी अभियंता से कहा। इसके बाद पांच घंटे की मशक्कत के बाद रामयश का शव कोतवाली रुदौली के रामसरनदास पुर नहर पुलिया के निकट मिला।
मृतक की पत्नी कुसुम ने बताया कि घर से नित्यक्रिया के लिए कहकर गए थे। कोतवाल ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।