कुमारगंज। खेत में फसल की रखवाली करने गए एक किसान को सांड ने पटककर मार डाला। घटना की जानकरी किसान के परिवारीजनों को शनिवार सुबह हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुमारगंज थाना अंतर्गत कटघरा पूरे छेदी गांव निवासी किसान नरेंद्र कुमार (40) शुक्रवार रात छुट्टे मवेशियों से गेहूं की रखवाली करने सीवान में गया था। जहां घूमते हुए एक सांड उसके पास पहुंच गया, जैसे ही नरेंद्र ने उसे खेत से भगाने के लिए दौड़ाया, सांड उस पर हमलावर हो गया।
उसे सींग में फंसाकर पटक दिया। जब तक गांव से लोग वहां पहुंचते सांड नरेंद्र की जान ले चुका था। शनिवार सुबह इसकी सूचना परिवारजनों ने कुमारगंज पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवारीजनों के अनुसार मृतक नरेंद्र रोज फसल रखवाली के लिए खेत जाता था। गांव में कई दिनों से इस सांड के आतंक से लोग परेशान हैं लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। नायब तहसीलदार मिल्कीपुर एचएन तिवारी ने बताया कि हल्का लेखपाल को भेजकर मामले की जानकारी ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला स्पष्ट हो सकेगा।