करंट से व्यक्ति की मौत के बाद उतारा गया शव व जमा भीड़।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। नगर कोतवाली अंतर्गत सिविल लाइन इलाके में एक कंपलेन पर बिजली ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा संविदा पर तैनात एक लाइनमैन की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं, पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के अनुसार मृत लाइनमैन को दो माह पहले ही नौकरी से निकाल दिया गया था। जबकि मृतक के पिता का कहना है कि वह नौकरी कर रहा था और उसकी सैलरी उसके एकाउंट में आ रही थी।
मंगलवार दोपहर एक निजी कंपनी के कार्यालय में बिजली खराब होने की शिकायत पर बिजली ठीक करने अपने दो साथियों के साथ सिविल लाइन पहुंचा संविदाकर्मी शिववंश पुत्र श्यामलाल निवासी परसुरामपुर थाना रौनाही खंभे पर चढ़ा, इस दौरान उसका शरीर ट्रांसफार्मर से छू गया, जिससे करंट की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद उसके साथी उसे किसी तरह उतारकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम मनोज गुप्ता ने बताया कि मृत संविदाकर्मियों को कार्य में लापरवाही के चलते दो माह पूर्व ही नौकरी से निकाल दिया गया है। विभाग को यदि कंपलेन पर फाल्ट ठीक करना होता है तो पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई जाती।
कहा कि इसकी जांच की जाएगी कि वह किसके कहने पर विभाग की सीढ़ी और ट्रॉली लेकर गया था और खंभे पर चढ़ा था। वहीं, दूसरी ओर मृतक के पिता श्यामलाल का कहना है कि उनका लड़के को नौकरी से नहीं निकाला गया था, वह अभी भी कार्य कर रहा था, उसकी सैलरी भी एकाउंट में आ रही थी।
उनका कहना है कि अधिकारियों के कहने पर वो सीढ़ी व ट्रॉली लेकर एक निजी कंपनी के कार्यालय की बिजली ठीक करने गया था, उसके साथ दो अन्य कर्मी भी थे। वहीं, मृतक के पिता व अन्य परिजनों ने सर्किट हाउस में मौजूद दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह से मुलाकात की और। दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे की मांग की। राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज प्रताप सिंह ने जांच करा कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।