रुदौली तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव में शुक्रवार को अध्यक्ष पद पर धनीराम यादव ने प्रतिद्वंद्वी इंद्रसेन मिश्र को 25 वोटों से पराजित कर विजय हासिल की। मतगणना के बाद वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर देशराज यादव, महामंत्री पद पर शैलेंद्र कुमार सिंह व कोषाध्यक्ष पद पर बृज कुमार शर्मा को विजयी घोषित किया गया।
चुनाव अधिकारी गोरखनाथ तिवारी ने बताया कि एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन एक्तिदारुल हसन, सदस्य कमलेश कुमार मिश्र, उमाशंकर जायसवाल, सीताराम वर्मा व रामसुख वर्मा की देखरेख में तहसील बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए मतदान हुआ।
मतदान के बाद साढ़े तीन बजे से मतों की गिनती शुरू हुई। इसमें अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धनीराम यादव ने 87 मत हासिल कर 25 वोटों से विजय हासिल की। प्रतिद्वंद्वी इंद्रसेन मिश्र को 62 मत हासिल हुआ। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर देशराज यादव को 91 व शकील अहमद को 57 मत, महामंत्री पद पर शैलेंद्र कुमार सिंह को 76, रमेश कुमार को 40 व हरिश्चंद्र चौहान को 33 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर बृज कुमार शर्मा को 81 व उनके प्रतिद्वंद्वी सुधीर श्रीवास्तव को 67 मत मिले।