अयोध्या। मानस अयोध्या कांड विषयक नौ दिवसीय श्रीरामकथा का शुभारंभ मोरारी बापू के श्रीमुख से शनिवार को कारसेवकपुरम में हुआ। कथा के प्रारंभ से पूर्व श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने जब देश के कोने-कोने से आए करीब पांच हजार भक्तों के बीच राममंदिर निर्माण की प्रगति साझा की तो भक्त अभिभूत हो उठे। जय श्रीराम के उद्घोष से कथा पंडाल गूंजने लगा।
चंपत राय ने भक्तों को मंदिर निर्माण की जानकारी देते हुए बताया कि अयोध्या में बन रहा श्रीराम का मंदिर न सिर्फ भव्यता बल्कि तकनीक के मामले में भी दुनिया के चुनिंदा मंदिरों में शामिल होगा। देश के आठ नामी तकनीकी एजेंसियां राममंदिर निर्माण के कार्य में लगी हैं। दुनिया का शायद ही ऐसा कोई भगवान का घर हो जिसमें इतनी बड़ी संख्या में ब्रेन पॉवर का इस्तेमाल किया जा रहा हो।
उन्होंने भक्तों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि राममंदिर कम से कम एक हजार साल तक अक्षुण्ण रहेगा। राममंदिर उत्कृष्ट तकनीक व वास्तुकला का नमूना होगा। उन्होंने देशभर से आए भक्तों से अपील भी की कि वे रामजन्मभूमि जाकर राममंदिर निर्माण का कार्य देखें और रामलला से आशीर्वाद भी लें।