जिले में पतंग और मांझे से हादसे की कई घटनाएं सामने आती रहती है। हालांकि एक सप्ताह पहले चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक के लिए हाईकोर्ट ने आदेश भी दिए है, लेकिन अयोध्या-फैजाबाद की कई दुकानों में इनकी बिक्री से धड़ल्ले से हो रही है। प्रशासन की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई कवायद नहीं दिख रही है। यही नहीं चायनीज मांझे के खिलाफ जागरूकता को लेकर भी कोई कदम नहीं उठाया गया है।
नगर में चाइनीज मांझों की मांग स्वदेशी मंझों से कहीं अधिक है।
पतंग उड़ाने वाले बच्चे और बड़े दूसरों की पतंग काटने के लिए इसे खरीदने को प्राथमिकता देते हैं। शीशा लगा होने और मजबूत होने से इसकी चपेट में आने वाला हर इंसान घायल होता है। इन मांझों से किसी का गला तो किसी का हाथ व पैर कट रहा है। पतंग लूटने के चक्कर में भाग-दौड़ करते बच्चे भी दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार नगर के चौक क्षेत्र में एकदरा गुदड़ी बाजार मार्ग पर दो दुकानों, खवासपुरा, कंघी गली, दिल्ली दरवाजा, राजा गली, घोसियाना, अमानीगंज, फतेहगंज, ऋषि टोला और वजीरगंज में चाइनीज मांझों की बिक्री हो रही है। अयोध्या में शास्त्री नगर रायगंज, कनीगंज, टेढ़ी बाजार और अशर्फी भवन चौराहा इसकी बिक्री के लिए मशहूर हैं। प्रशासन का हाल यह है कि हाईकोर्ट की रोक के बावजूद न कार्रवाई की पहल हो रही है, न ही जागरूकता को लेकर कोई प्रयास ही हुआ है।
सिटी मजिस्ट्रेट वीके पांडेय कहते हैं कि हाईकोर्ट के आदेश के क्र म में महकमा सतर्क है। चायनीज मांझे की बिक्री की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। सभी को इसके खतरे से सावधान रहना चाहिए।