अयोध्या। जिले में डेंगू मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। प्रतिदिन सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक मरीजों की डेंगू जांच करा रहे हैं। सोमवार को चार और पॉजीटिव केस सामने आए हैं। वहीं दर्शननगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती दो डेंगू मरीजों का हाल जानने के लिए खुद एसीएमओ पहुंचे। उधर, गोसाईगंज में एक शिक्षक की मौत का मामला सामने आया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि शिक्षक डेंगू पॉजीटिव थे। सीएमओ डॉ. संजय जैन ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को पांच-पांच बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
बुखार से पीड़ित राजकुमार गुप्ता उर्फ अमरदीप को फैजाबाद ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। रविवार रात उनके प्लेटलेट्स गिरने के कारण सुबह निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। उनके भाई योग शिक्षक सोमदीप ने बताया कि राजकुमार मया विकासखंड में तैनात थे। बुखार और उल्टियां बंद नहीं हो रही थीं। गोसाईगंज सीएचसी के चिकित्सक इंद्रजीत परम को उनकी डेंगू से मृत्यु के संबंध में जानकारी नहीं है। हालांकि मेडिकल टीम भेजकर परिवार व मोहल्ले के लोगों की जांच कराई जाएगी। डेंगू मरीजों की संख्या जानने के लिए डीएमओ डॉ. मंजुला आनंद को फोन किया गया तो उन्होंने रिसीव नहीं किया।
मरीजों के बेड पर लगवाईं मच्छरदानियां
मेडिकल कॉलेज में डेंगू डेडिकेटेड वार्ड व लैब का एसीएमओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान जिला सर्विलांस अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी और जिला एपिडेमालॉजिस्ट भी मौजूद रहे। सभी कार्मिकों को डेंगू मरीजों की सभी आवश्यक जांच समय से कराने के निर्देश दिए। इस दौरान बेड पर मच्छरदानियां भी लगवाई गईं।