अयोध्या। परिवहन निगम ने बिना परमिट व फिटनेस के चल रही स्कूल बसों व ऑटो के खिलाफ तीन दिन का विशेष अभियान सोमवार को शुरू किया। एआरटीओ प्रवर्तन प्रवीण कुमार सिंह व यात्री कर अधिकारी संदीप चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सात वाहनों को सीज किया गया जबकि 11 वाहनों का चालान किया गया।
सोमवार दोपहर में स्कूलों में छुट्टी के समय शहर के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के आसपास परिवहन विभाग की टीम ने स्कूल वाहनों को चेक किया। इस दौरान स्कूल बसों की फिटनेस, परमिट, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स समेत अन्य मानकों को परखा। कमी पाए जाने पर 11 स्कूल बसों का चालान किया गया। वहीं बच्चों को स्कूल ले जा रहे शेयरिंग ऑटो के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। क्षमता से अधिक बच्चों को ले जा रही सात ऑटो को सीज किया गया।
एआरटीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि तीन के इस विशेष अभियान के दौरान शहर में चल रहे स्कूल वाहनाें की चेकिंग होगी। इस दौरान स्कूल बस व ऑटो चालकों को यातायात नियमों के प्रति प्रेरित भी किया जाएगा। अभियान में दुर्गेश सिंह, बालकृष्ण उपाध्याय समेत अन्य प्रवर्तन कर्मियों ने सहयोग किया।