मिल्कीपुर से भाजपा विधायक गोरखनाथ के नाम पर कई अधिकारियों को फोन कर रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। कुछ अधिकारियों ने पुलिस को सूचना देने के साथ विधायक को जानकारी दी तो हलचल मच गई।
विधायक ने एसएसपी से मिलकर लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने मामले को सर्विलांस सेल को जांच के लिए सौंपा है। जनपद में तैनात ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अधिशासी अधिकारी इं. आरके वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी दीपक कुमार वार्ष्णेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राममनोहर व अन्य अधिकारियों को मोबाइल पर विधायक गोरखनाथ बाबा के नाम पर रंगदारी के लिए मोबाइल नंबर 9044276900 से धमकी दी गई।
फोन करने वाले ने खुद को मिल्कीपुर क्षेत्र से भाजपा विधायक गोरखनाथ बाबा बताते हुए धमकाया। साथ ही मांगी गई रकम का भुगतान न करने पर अंजाम भुगतने की बात कही। अधिकारियों में हलचल मची तो कुछ अधिकारियों ने भाजपा विधायक के शहर स्थित बढ़ई का पुरवा आवास पहुंच उन्हें प्रकरण की जानकारी दी।
मामला संज्ञान में आने के बाद रविवार को भाजपा विधायक गोरखनाथ बाबा ने तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को फोन किया, फिर मुलाकात कर प्रकरण की लिखित शिकायत देते हुए रिपोर्ट दर्ज करवा कार्रवाई की मांग की।
एसएसपी अनंतदेव ने बताया कि रविवार को मिल्कीपुर भाजपा विधायक गोरखनाथ ने लिखित शिकायत दी है। शिकायत को छानबीन व कार्रवाई के लिए सर्विलांस सेल के हवाले किया गया है।
विधायक बोले-छवि धूमिल करने की साजिश
एसएसपी को दी गई शिकायत में विधायक गोरखनाथ का कहना है कि एक मोबाइल नंबर से अधिशासी अभियंता आरईएस, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला पूर्ति अधिकारी को फोन कर उनके नाम से रंगदारी मांगी गई। ऐसा उनकी छवि को धूमिल करने के लिए किया जा रहा है। अन्य अधिकारियों को भी फोन कर दबाव बनाया जा रहा है।