भेलसर। पानी ओवरफ्लो होने से साहनी गांव के पास माइनर कट गई। इससे माइनर का पानी सैकड़ों किसानों के खेतों में भर गया। जिस कारण खेतों में तैयार धान की फसल बर्बाद हो गई। यही नहीं माइनर का पानी ओवरफ्लो होकर एक फीट पटरी के ऊपर बह रहा है। ऐसे में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। उधर, ग्रामीणों की शिकायत पर सिंचाई विभाग के कर्मियों ने मंगलवार को माइनर का पानी बंद किया।
विकास खंड रुदौली के ग्राम सभा सहनी के चौधरीपुरवा के निकट शारदा सहायक नहर से निकली सिधौना माइनर में पानी छोड़ा गया है। लेकिन यह पानी उस वक्त छोड़ा गया है, जब पानी की ज्यादा आवश्यकता नहीं है।
माइनर की सफाई न होने की वजह से पानी की निकासी सिधौना गांव के आगे नहीं है। जिस कारण पानी ओवरफ्लो होकर माइनर के ऊपर से बहने लगी। ओवरफ्लो का बहाव तेज होने से साहनी गांव के पास चार स्थानों पर माइनर की पटरी कट गई। जिस कारण पानी साहनी, आसूमऊ आदि गांवों के सैकड़ों किसानों के खेतों में भर गया है। जिससे किसानों की तैयार खड़ी धान की फसल पूरी तरह से डूब गई है।
सिंचाई विभाग की लापरवाही को लेकर किसानों में आक्रोश है। पीड़ित किसान प्रमोद कुमार, अशोक कुमार, पाटनदीन यादव, जसकरन, त्रिभुवन लोधी, रामनरेश, राम सुरेश, राकेश कुमार वर्मा, चंपालाल, राम सागर, हरिराम, पवन कुमार आदि का आरोप है कि खेती के सीजन से पहले माइनर की सफाई का काम नहीं हुआ। जिसके कारण नहर में सिल्ट जम है। इससे पानी ओवरफ्लो हो गया।