रुदौली। भेलसर-रुदौली मार्ग पर स्थित रेल क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण के चलते पुलिया टूट जाने से सैकड़ों बीघा खेती योग्य भूमि पानी में डूब गई है।
खेत में पानी भर जाने से धान की फसल डूब जाने से किसानों में आक्रोश है। शहर से सटे जसमड गांव में विधुत उपकेंद्र के निकले कच्चे नाले में बरसाती पानी आकर भेलसर-रुदौली मार्ग पर बनी पुलिया से निकल जाता था।
पुलिया से होकर निकलने वाला बरसाती पानी पुस्करपुरम से होकर शहर से बाहर जाता था। बुधवार को हुई बरसात से उपकेेंद्र के पूर्व की सैकड़ों बीघा जमीन में नाला पट जाने और भेलसर रुदौली पर निर्माणाधीन ओवर ब्रिज की खुदाई में पुलिया टूट जाने से पानी भर गया है।
इस कारण सैकड़ों बीघा फसल जलनिकासी न होने के कारण डूब गई। गुरुवार को खेत पहुंचे किसान जगजीवन काजीपुर, विनोद कुमार, श्रीचंद, कमलेश, राजेंद्र, मैकू, हरिराम, वजीरगंज कल्लू ने खेतो में भरा पानी निकलवाने की मांग की। तहसीलदार शिव प्रसाद ने बताया की खेतों में जलभराव की जानकारी नहीं मिली है। कही ऐसा है तो जलनिकासी कराई जाएगी।