मवई। ब्लॉक की 55 ग्राम पंचायतों में 190 लाभार्थियों को 2019-20 में पीएम आवास योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए ग्राम्य विकास विभाग ने खाका खींचा है।
सभी तैयारियां पूरी होने के बाद लाभार्थियों के खाते में पैसे भेजने का काम शुरू कर दिया है। बीडीओ मवई डॉ. घनश्याम त्रिपाठी के निर्देश पर ग्राम पंचायत सचिव अब लाभार्थियों को कार्य में तेजी लाने के लिए कह रहे हैं लेकिन बारिश की वजह से काम शुरू नहीं हो पा रहा है।
गुरुवार को तकनीकी सहायक आशीष कुमार तिवारी ने रैछ, नौरोजपुर बघेडी, अशरफ नगर, बसौढी, कुंडरा, कुशहरी, जैसुखपुर के लाभार्थियों के घर जाकर ले आउट का कार्य कराया और पीएम ग्रामीण आवास का नक्शा लाभार्थियों को सौंपा और हर हाल में नक्शे के अनुरूप आवास निर्माण कराने को कहा।
आशीष तिवारी ने बताया कि मवई ब्लॉक में स्वीकृत 190 में से अब तक 103 का ले आउट कराया जा रहा है। गांव-गांव लाभार्थियों के घर पर पहुंचकर उन्हें और उनके मिस्त्री को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास के प्रारूप के बारे में बताया गया है।
बताया कि पीएम आवास ग्रामीण योजना के अंतर्गत लाभार्थी को पहली किस्त के रूप में 40 हजार की धनराशि और उसके बाद छत स्तर तक दूसरी किस्त 70 हजार के रूप में मिलती है।
अंत में दरवाजा, खिड़की, रंगाई-पुताई के लिए 10 हजार रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थी के खाते में ट्रांसफर होती है। वहीं मनरेगा योजन के तहत 90 कार्य दिवस की मजदूरी लाभार्थी के खाते पर अथवा उनके कहने पर अन्य के खाते पर भेजी जाती है।
वंचित पात्रों को आवास प्लस से मिलेगा आवास
सामाजिक आर्थिक गणना सर्वे की लिस्ट कई गांवों में पूरी हो चुकी है। अब उन गांवों में आवास हेतु पात्र लाभार्थी को आवास प्लस के तहत आच्छादित किया जाएगा।सरकार ने इसके लिए सर्वे कराया है।
जल्द ही आवास प्लस का भी लाभ लोगो को मिलने की संभावना है। मवई में 190 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना की प्रथम क़िस्त भेजने की प्रक्रिया चल रही हैं। सभी लाभार्थियों को पीएम आवास के नक्शे के मुताबिक निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए गए है।
डॉ. घनश्याम त्रिपाठी, बीडीओ, मवई