अयोध्या। दर्शनगर स्थित मेडिकल कॉलेज में गंभीर मरीजों के लिए क्रिटिकल केयर सेवा सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाने की मंजूरी मिल गई है। तीन मंजिला ब्लॉक बनाने पर 23.75 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर के साथ प्राचार्य ने प्रस्तावित निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि यह प्रस्ताव राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत भेजा गया था। प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। इसके निर्माण का काम यूपी सिडको को सौंपा गया है। 23.75 करोड़ के प्रोजेक्ट में केवल भवन की लागत करीब 16 करोड़ रुपये होगी। इस ब्लॉक में भूतल पर तीन बेड का रेड जोन और दो बेड का यलो जोन होगा।
प्रथम तल पर 24 बेड का आइसोलेशन वार्ड, दो बेड की डायलिसिसि यूनिट और पैथ लैब बनाई जाएगी। दूसरे तल पर 12 बेड का आईसीयू वार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह भवन केंद्र सरकार से स्वीकृत मॉडल के अनुरूप बनेगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यूपी सिडको के सहायक अभियंता को ऑक्सीजन प्लांट के पास वार्ड के पीछे का स्थल दिखाया। सिडको की टीम ने जमीन की पैमाइश की। बताया कि निर्माण से पहले मिट्टी का परीक्षण कराया जाएगा।