हैदरगंज थाना क्षेत्र के उजरियापुर सीहीपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक महिला ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। ग्रामीणों और परिवारीजनों का कहना है कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी, जिसका इलाज चल रहा था।
उजरियापुर सीहीपुर गांव निवासी महेश कुमार की 35 वर्षीय पत्नी सुशीला ने शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह कर लिया। बड़े पुत्र सूरज ने बताया कि दोपहर घर के बाहरी कमरे में स्थित दुकान पर छोटा भाई गोलू व चंदन था।
पिता के साथ तीसरा भाई बगल वाले कमरे में सो रहा था। अचानक अंदर कमरे से धुआं निकलने लगा। आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसे सुनकर पिता-पुत्र और सभी कमरे की ओर दौड़े लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मौके पर ही महिला की मौत हो गई।
मृत महिला के मायके से आये पिता, भाई गोपाल व ग्राम प्रधान सीहीपुर गुड्डू आदि ने बताया कि सुशीला का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उसका इलाज चल रहा था। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।