पटरंगा थाना क्षेत्र स्थित पालपुर गांव में गुरुवार को पावर कॉर्पोरेशन के जेई अपने अधिनस्थ कर्मियों के साथ कैंप लगा बकाया बिल की वसूली कर रहे थे। इसी बीच कर्मियों ने गांव निवासी एक उपभोक्ता का बिल जमा होने पर कनेक्शन काट दिया। जिस पर उपभोक्ता आक्रोशित हो उठे और जेई समेत अन्य कर्मियों की पिटाई कर दी। कुछ ग्रामीणों ने बीच बचाव कर लोगों को छुड़ाया। जेई ने थाना पुलिस से इसकी शिकायत की है।
गुरुवार को पालपुर गांव में पावर कॉर्पोरेशन ने बकाया बिल जमा करने के लिए शिविर लगा रखा था। शिविर में जेई विकास कुमार आर्य के अलावा कर्मी अशोक वर्मा, इरसाद अली सहित संविदा कर्मी भी मौजूद थे। शिविर में चार विद्युत उपभोक्ताओं का बकाया 1440 रुपये वसूला।
जेई की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि गांव निवासी अजीबुल्लाह का बिल का बकाया जमा न करने पर कनेक्शन काट दिया गया। जिस पर उपभोक्ता आक्रोशित हो गया और अपने पुत्र सिरताज, मुमताज सहित अपने तीन चार अन्य साथियों के साथ मौजूद सभी कर्मियों की पिटाई कर दी।
जेई ने सभी को आरोपित करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने, बकाया जमा न करने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पटरंगा थाना प्रभारी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि जांच कर दोषियो के खिलाफ कर्रवाई की जाएगी।