इनायतनगर पुलिस ने 48 घंटे पूर्व हुई छिनैती की वारदात का शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने बाइक सवार दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके द्वारा छीनी गई सोने की चेन व मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है। पुलिस को यह सफलता पीड़ित द्वारा बताए गए बदमाशों के बाइक नंबर से मिली।
बुधवार को इनायतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मसेढ़ा अंजरौली निवासी संजीव कुमार सिंह अपनी मां सत्यभामा के साथ बाइक से अपने ननिहाल थाना महराजगंज के ग्राम महराजीपुर जा रहे थे। जब वह कुचेरा-शाहगंज मार्ग पर हल्लेद्वारिकापुर के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाशों ने संजीव की बाइक को धक्का देकर गिरा दिया और उसके मां के गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र खींच लिया।
जाते-जाते बदमाशों ने जान से मारने की धमकी भी दी और शाहगंज बाजार की तरफ भाग निकले। संजीव ने बदमाशों की बाइक का नंबर नोट कर लिया था और घटनास्थल से ही 100 नंबर पर फोन कर सूचना दे दी थी। इस पर इनायतनगर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की और आरटीओ दफ्तर से बताए गए नंबर व सीरीज की सूची निकलवार कर छानबीन शुरू कर दी थी।
थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गुरुवार को सेवरा मोड़ पर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया गया। जिनका नाम चंदन सिंह निवासी कुरावन, थाना खंडासा व कीर्तिवर्धन सिंह निवासी कुचेरा है। चंदन जिलाबदर है। पूछताछ में दोनों ने छिनैती की घटना कबूल की। पुलिस ने इन बदमाशों से लूटी गई चेन व घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। शुक्रवार को गिरफ्तार बदमाशों को जेल भेज दिया है।