अंकारीपुर स्थित डाक बंगला परिसर में चल रही भूख हड़ताल से उठकर उप्र मनरेगा मजदूर समिति के सदस्यों को कोतवाली मार्च करना भारी पड़ा।
सक्षम अधिकारी के नहीं पहुंचने पर भूख हड़ताल पर बैठीं चारों महिलाओं को चारपाई पर लिटा आंदोलनकारी मंगलवार दोपहर बाद कोतवाली की ओर जा रहे थे।
कोतवाली के सामने पहुंचने पर पुलिस ने लाठी भांज कर खदेड़ लिया। फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। पीड़ितों ने पुलिस पर अमानवीय कृत्य का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष राम अदालत वर्मा व मया ब्लॉक अध्यक्ष रामयज्ञ प्रजापति की अगुवाई में धरना स्थल से जुलूस निकाल पुलिस प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए लोग मंगलवार दोपहर बाद कोतवाली के लिए रवाना हुए।
रामगंज, तेलियागढ़, भीटीचौराहा, कटरा होते हुये कोतवाली पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने भूख हडताल पर बैठी महिलाओं को नीचे लिटाकर सभा करनी चाही तो पुलिस कर्मियों ने लाठी चार्ज कर दी।
सिनेमा हाल व रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर खडे़ लोगों में जो मिला उसे पुलिस ने पीटा। पुलिस लाठीचार्ज में समिति के अध्यक्ष सहित कई लोगों को चोटें आई हैं।
क्षेत्र के टंडौली गांव से अनुसूचित जाति की लड़की को भगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, समेत कई मांगों को लेकर गुरुवार से अंकारीपुर स्थित डाक बंगले पर उप्र मनरेगा मजदूर कल्याण समिति कार्यकर्ताओं का अनिश्चितच कालीन धरना चल जा रहा था।
रविवार को धरनास्थल पर समिति की महिला पदाधिकारी ज्ञानमती सिंह के साथ अमरावती व जगपता ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। सोमवार को भी प्रशासन का कोई अधिकारी वार्ता को नहीं पहुंचा तो अनशनकारियों ने कोतवाली कूच किया जहां पुलिस ने बल प्रयोग किया।