इसके साथ ही वाहनों में आग लग गई। वाहनों पर सवार लोगों ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। इस दौरान अनुबंधित बस के चालक की उधर से गुजर रहे बोलेरो जीप की चपेट में आकर मौत हो गई। परिचालक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सुल्तानपुर से शुक्रवार रात सवारियां लेकर रोडवेज की अनुबंधित बस (यूपी44टी-4816) फैजाबाद शहर आ रही थी। रात लगभग साढ़े 11 बजे इलाहाबाद हाईवे पर पूराक लंदर क्षेत्र में डाभासेमर नहर पुलिया पर फैजाबाद से सुलतानपुर की ओर जा रहे ट्रक (यूपी47टी-1010) की सीधी भिड़ंत हो गई।
भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान वाहनों में आग भी लग गई। इस पर अनुबंधित बस के यात्री गाड़ी से कूद कर भागने लगे।
बस चालक दिलीप कुमार मिश्रा (28) निवासी नीमा सराय थाना कूरेभार, सुलतानपुर जान बचाने के लिए बस से कूदा को फैजाबाद शहर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो जीप की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बस में आगे बैठा परिचालक रंजीत सिंह (40) निवासी लोहरामऊ, सुलतानपुर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रक का चालक व खलासी मौके से भाग निकले। टक्कर की आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस तथा दमकल दस्ते को मौके पर बुलाया। गंभीर रुप से घायल परिचालक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दमकल के दो दस्तों ने वाहनों में लगी आग पर काबू पाया।
रोडवेज की अनुबंधित बस के मालिक सुलतानपुर निवासी अंशुमान सिंह ने शनिवार को पूराकलंदर पुलिस को हादसे के संबंध में शिकायत दी है। एसओ अनिरुद्ध सिंह के मुताबिक बस के मालिक की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वाहनों को कब्जे में लेकर विवेचना कराई जा रही है।