तेली टोला निवासी 23 वर्षीय बच्चन सोनकर पुत्र स्व. जगदीश सोनकर का शव सोमवार सुबह मोहल्ला के निकट स्थित खाली मैदान स्थित गूलर के पेड़ की डाल से लटकता मिला। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था।
सुबह खाली मैदान की ओर गई एक महिला ने माजरा देख मामले की जानकारी मोहल्ले वालों तथा युवक की पत्नी को दी। जानकारी पर परिवार के लोग तथा मोहल्ले वाले मौके पर पहुंच गये। सूचना पर कैंट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को नीचे उतारा गया।
मोहल्ले वाले हत्या की आशंका जता रहे थे, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक पहले एक कूलर की दुकान पर काम करता था, लेकिन काम छूटने के चलते इधर रिक्शा चलाकर अपना तथा पत्नी व बच्चों का पेट भर रहा था।
कैंट थाने के प्रभारी निरीक्षक पीएन तिवारी ने बताया कि मृतक के जेब से सुसाइड नोट मिला है जिसमें आत्महत्या के लिए किसी के जिम्मेदार न होने की बात कही गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।