पुलिस की गिरफ्त में हत्या आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
अवैध संबंधों में बाधा बनने पर पत्नी ने ही दो प्रेमियों के साथ मिलकर टेलर की हत्या कराई थी। पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा किया है। महराजगंज थाना क्षेत्र के दुर्गापुर मजरे रैकरपुर गांव निवासी राधेश्याम प्रजापति की पूराकलंदर थाना क्षेत्र के गंगौली चौराहे पर टेलर की दुकान थी।
बीते मंगलवार की रात राधेश्याम दुकान बंद कर साइकिल से घर जाने के लिए निकला था। घर नहीं पहुंचने पर परिवारीजन तलाश करने निकले तो गंगौली चौराहे के पास राधेश्याम खून से लथपथ पड़ा मिला था। जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर करने के अगले दिन बुधवार को ट्रॉमा सेंटर में राधेश्याम की मौत हो गई थी।
पूराकलंदर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने शनिवार को बताया कि राधेश्याम की पत्नी संजू के देवर हरिश्चंद्र व महराजगंज थाने के तुलसीराम पुरवा निवासी दूसरे टेलर दिलीप कुमार से अवैध संबंध थे। बाहर रहकर काम करने वाला राधेश्याम एक माह पूर्व घर आ गया था और यहीं उसने टेलर की दुकान खोल ली थी।
इसके चलते वह पत्नी के अवैध संबंधों में बाधा बन गया था। जिसके चलते संजू ने अपने दोनों प्रेमियों के साथ मिलकर पति राधेश्याम को रास्ते से हटाने की साजिश रची और मंगलवार रात दुकान से घर लौटते वक्त हरिश्चंद्र और दिलीप ने लाठी से राधेश्याम पर हमला किया था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार सुबह तीनों को कर्मा चौराहे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर कुछ दूर पर फेंकी गई लाठी भी बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।