सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील अधिगृहीत क्षेत्र के पास मंगलवार को छह संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने पकड़ा है। यह सभी निषिद्ध क्षेत्र विवादित परिसर के आसपास फोटोग्राफी कर रहे थे। सभी को थाना राम जन्मभूमि में रखकर पुलिस व खुफिया टीमें पूछताछ कर रही हैं।
देर शाम एटीएस टीम भी पूछताछ के लिए पहुंच गई है। पकड़े गए सभी संदिग्ध केरल के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सुबह लगभग आठ बजे दुराही कुआं के पास कुछ युवकों का दल अधिगृहीत परिसर क्षेत्र की फोटो खींच रहा था।
युवकों की इस हरकत को परिसर में बने वाच टावर पर तैनात सीआरपीएफ के एक जवान ने देखा और इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने सभी छह संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया।
युवकों को थाना राम जन्मभूमि ले जाया गया, जहां पुलिस अफसरों के साथ केंद्रीय, स्थानीय व सीआरपीएफ की खुफिया टीमें पूछताछ कर रही हैं। देर शाम एटीएस की टीम भी संदिग्धों से पूछताछ के लिए पहुंच गई है।
एसओ राम जन्मभूमि सुनील कुमार मिश्र ने बताया कि पकड़े गए संदिग्धों ने पूछताछ में अपना नाम मोलिल अलिआर उमर, वीआर लाडैपोस, वीबी अलीकुन्नू, जेबी थोमस, बीएम कासिम, एमएम अली आर बताया है।
युवकों के पास से कोई संदिग्ध सामान नहीं बरामद हुआ है। युवकों से बताए गए नाम व पते की केरल पुलिस से सत्यता की जांच कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े लोग सिलीगुड़ी, नेपाल और वाराणसी होते हुए अयोध्या पहुंचे हैं। इन लोगों की मोबाइल डिटेल भी संदिग्ध लग रही है।