डीआईजी वीके गर्ग ने गुरुवार को अपने कार्यालय में परिक्षेत्र के सभी पुलिस कप्तानों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की।
सख्त हिदायत दी कि रमजान व ईद को लेकर सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम करा लें, इसमें चूक कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीआईजी ने परिक्षेत्र के जनपदों में आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोत्तरी पर नाराजगी भी जताई।
डीआईजी ने कहा कि रमजान व ईद को लेकर शांति समितियों की बैठक कर ली जाए। वांछितों, पंजीकृत गैंगों, ईनामी अपराधियों, माफियाओं, मादक पदार्थ व पशु तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कराई जाए।
महिलाओं के साथ घटित होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही डीआईजी ने मातहत अधिकारियों को प्रतिदिन निर्धारित समय तक जनसमस्याओं की सुनवाई कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराने, लूट-छिनैती रोकने के लिए गश्त बढ़ाने समेत अन्य दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी फैजाबाद मोहित गुप्ता, एसपी बाराबंकी अब्दुल हमीद, एसपी अंबेडकरनगर अजय कुमार सिंह, एसपी अमेठी हीरालाल व एसपी सुल्तानपुर पवन कुमार मौजूद रहे।