आरसीआई कैश मैनेजमेंट सर्विसेज को पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथों तक कैश पहुंचाने तथा एटीएम मशीन में रकम लोड करने का ठेका है। इस फर्म ने एक अन्य एजेंसी से सिक्योरिटी गार्ड व अन्य स्टाफ लिया था। फर्म पर उक्त एजेेंसी का लगभग 21 लाख रुपया बकाया हो गया था।
रकम वसूलने के लिए नौ नवंबर 2015 को एजेंसी के कुछ लोगों ने अकबरपुर मार्ग पर महराजगंज थाना क्षेत्र में देवगढ़ के पास असलहे के बल पर कंपनी की कैश वैन रुकवाकर उसमें रखे कैश बॉक्स से 41 लाख रुपये निकाल ले गए थे।
मामले में आरसीआई कैश मैनेजमेंट सर्विसेज के सीनियर कस्टोडियन सुनील शुक्ल की तहरीर पर राकेश सिंह निवासी अहमदाबाद, आशीष सिंह निवासी 39 अंसल प्लाजा वैशाली गाजियाबाद, अनिल कुमार निवासी लखनऊ, सुपरवाइजर देवानंद पांडेय निवासी फैजाबाद, गनमैन मोहनलाल निवासी फैजाबाद व एक अन्य के खिलाफ डकैती की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थानाध्यक्ष महराजगंज सज्जाद हुसैन नकवी ने रविवार को बताया कि दोनों पक्षों में लेनदेन का मामला है। शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके विवेचना कराई जा रही है।