डीएम व कमिश्नर को मैसेज भेजकर परेशान करने के मामले में पुलिस ने सिम बेचने वाले दुकानदार समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से फर्जी आईडी की कई सिम व मोबाइल फोन बरामद किया है। हालांकि अभी मैसेज भेजने वाला मुख्य आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं लग सका है। एसपी ने कहा है कि फर्जी आईडी पर सिम बेचने वालों के खिलाफ जिले में पुलिस द्वारा छापेमारी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने रविवार को पुलिस लाइन में बताया कि फर्जी आईडी पर सिम बेचने वाले दो लोगों को सर्विलांस सेल व कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकडे़ गए आरोपियों में योगेश कुमार मौर्या पुत्र रामअभिलाष मौर्य निवासी पटेलनगर दशहरा बाग व दीपक शुक्ला पुत्र जर्नादन शुक्ला निवासी लखपेड़ाबाग कॉलोनी शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से फर्जी आईडी पर जारी किए गए चार दर्जन से भी अधिक कंपनियों के सिम कार्ड व एक डेमो मोबाइल सेट बरामद किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कई संगीन धारा में रिपोर्ट दर्ज कर रविवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजे गए हैं। वहीं, मुख्य आरोपी को पुलिस तलाश रही है।