तारुन थाना क्षेत्र में मुगीसपुर गांव निवासी युवक से प्रेम करना एक युवती को महंगा पड़ा। प्रेमी की ओर से शादी से इन्कार पर गुस्साई युवती ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली।
गंभीर रूप से झुलसी युवती की जिला अस्पताल में मौत हो गई। युवती के परिवारीजनों ने प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी की रिपोर्ट दर्ज की है।
तारुन थाना क्षेत्र निवासी एक युवती प्रियंका (19) का अपने गांव के ही युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। धीरे-धीरे प्रेमी व प्रेमिका ने साथ जीने व मरने की कसम खाते हुए शादी के बंधन में बंधने का सपना देखना शुरू कर दिया।
युवती ने जाति-बिरादरी का बंधन तोड़ अपने प्रेमी से शादी के लिए कहा तो उसके प्रेमी ने शादी से इन्कार कर दिया। इससे नाराज युवती ने आक्रोशित होकर रविवार को खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क लिया और आग लगा ली।
चीखने-चिल्लाने की आवाज पर युवती के परिवारीजनों को मामले की खबर हुई तो उन्होंने गंभीर रूप से झुलसी युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।
एसएसपी मोहित कुमार ने बताया कि युवती की मां सुनीता देवी की शिकायत पर तारुन पुलिस ने गांव के ही अमित यादव समेत दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। इलाकाई पुलिस को मामले की विवेचना व कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।