ग्राम प्रधान की लापरवाही से दो पक्ष भिड़ गए। इसके बाद जमकर ईंट गुम्मे चले। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंची डायल-100 की टीम ने डंडा पटक कर भीड़ को तितरबितर किया। पत्थरबाजी में महिला समेत दो लोग घायल हो गए।
पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत दोनों पक्षों से 16 लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। पटरंगा थाना क्षेत्र के ग्राम दफियापुर में शुक्रवार सुबह मंदिर पर लगे सोलर लाइट को लेकर दो पक्षों में गहमा गहमी शुरू हो गई।
इसी बीच ग्राम प्रधान विंद्रा प्रसाद ने मंदिर पर लगे सोलर लाइट को उखड़वा कर दूसरे के दरवाजे पर लगवा दिया। जिस पर गांव के दुर्गा प्रसाद आदि ने आपत्ति जताई तो प्रधान पक्ष से किशन आदि ने विरोध किया।
इसी बात पर मामला गरमा गया और कुछ ही देर में दोनों पक्ष लामबंद हो गए। दोनों पक्षों में नोंकझोंक के बाद ईंट गुम्मा चलने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंडा पटक कर भीड़ को तितर बितर किया।
पत्थरबाजी में किरन पत्नी पवन कुमार व दुर्गा प्रसाद पुत्र माता प्रसाद घायल हो गए। थानाध्यक्ष गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घायलों को मामूली चोटें आईं हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि विवाद के सूत्रधार रहे ग्राम प्रधान विंद्रा प्रसाद समेत दोनों पक्षों से 16 लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है।