इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूराकलंदर थाना क्षेत्र में शहर की ओर आ रही एक मोटर साइकिल सड़क किनारे खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। गुरुवार रात हुए इस हादसे में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाइक सवार दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया जहां डाक्टरों ने बाइक चला रहे राहुल चौरसिया को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरे को भर्ती किया है। चालक ने हेलमेट पहना हुआ था। इलाहबाद जनपद के कीटगंज थाना क्षेत्र के गांव पूरा बल्दी निवासी 27 वर्षीय राहुल चौरसिया तथा इसी गांव के 18 वर्षीय अरविंद चौरसिया एक मोटर साइकिल से इलाहाबाद हाईवे के रास्ते फैजाबाद शहर आ रहे थे।
दोनों को फैजाबाद शहर में लालबाग फतेहगंज निवासी राहुल के नाना कैलाश चौरसिया के घर जाना था। चीनी मिल को गन्ना लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की बियरिंग टूटने के चलते उसका चालक पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भरतकुंड स्थित जीवपुर मोड़ के पास ेिबयरिंग बदल रहा था।
इसी दौरान इलाहाबाद की ओर से फैजाबाद शहर की ओर आ रही मोटर साइकिल पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बाइक सवार दोनों युवक उछल गये और बाइक चालक का हेलमेट निकल कर दूर जा गिरा। जानकारी पर पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
मोटर साइकिल चला रहा युवक राहुल पीछे बैठे अरविंद का मामा बताया गया है। शुक्रवार को जिला अस्पताल प्रशासन ने बताया कि जांच के बाद राहुल चौरसिया को मृत घोषित कर दिया गया और अरविंद को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। थानाध्यक्ष पूराकलंदर शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।