अवैध शराब के रैकेट का पर्दाफाश करने में कोतवाली पुलिस व आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान में पुलिस ने एक डीसीएम ट्रक में लदी विभिन्न ब्रांड की 13 हजार 512 बोतल शराब बरामद की है। वाहन के चालक को गिरफ्तार किया गया है।
कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस एवं आबकारी विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। बुधवार शाम लगभग तीन बजे फोरलेन हाईवे पर बूथ नंबर तीन के पास एक डीसीएम को संदेह के आधार पर रोका गया। जांच की गई तो तो ट्रक में भारी मात्रा में शराब लदी पायी गई।
डीसीएम के चालक को हिरासत में ले लिया गया। डीसीएम की तलाशी में व्हिस्की ब्रांड की 7200 बोतल व गोवा ब्रांड की 6312 बोतल शराब लदी हुई मिली। उन्होंने बताया कि शराब मौर्या डिस्ट्रीलर एवं बाटलर्स प्राइवेट लिमिटेड चंडीगढ़ कंपनी की निर्मित है और अरुणाचल प्रदेश से अधिकृत है। शराब की बोतलों को डीसीएम में लादकर आजमगढ़ भेजा जा रहा था।
डीसीएम के चालक शादाब खान निवासी थाना पनावर, जिला घाट मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया। चालक शादाब व कंपनी के मैनेजर कन्हैया व कंपनी मालिक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस शराब रैकेट में शामिल अन्य लोगों की जांच में जुटी है, शीघ्र ही अन्य लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी।