ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया युवक
- फोटो : अमर उजाला
फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने सघन चेकिंग के दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी एक युवक को 560 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ धर दबोचा। इस युवक ने अवैध ब्राउन शुगर को लखनऊ तक पहुंचाने का सौदा महज दो हजार रुपये में तय किया था। हैंडलर इसे अपनी पहली यात्रा बता रहा है।
सुलतानपुर ट्रैक की मरम्मत की वजह से डायवर्ट ट्रेन अप मालदा-दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस सोमवार को प्लेटफार्म एक पर खड़ी हुई। उसकी जनरल बोगी में जीआरपी के जवान जांच करने घुसे। इसी बीच एक युवक बैग लेकर उतरने लगा।
संदेह पर उसे पकड़ा गया और थाने पर लाकर तलाशी हुई तो बैग से करीब 560 ग्राम ब्राउन शुगर निकला। जीआरपी प्रभारी भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये है।
पकड़ा गया युवक सैयद शेख (27) थाना कलिया चक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के ग्राम हाजी सम मोहम्मद पारा सुल्तानगंज (प.) का निवासी है। वह हैंडलर है और सामान लखनऊ में एक व्यक्ति को देने जा रहा था।
पकड़े गये सैयद शेख ने बताया कि वह अपने काम से लखनऊ जा रहा था। उसे मालदा में एक व्यक्ति ने लखनऊ तक सामान पहुंचाने को दिया था। लखनऊ पहुंचने पर मालदा वाले व्यक्ति को फोन करके बताना था।
इसके बाद कोई व्यक्ति लखनऊ में सामान लेने के लिए उन्हें फोन करता और स्टेशन के बाहर मिलता। इसके लिए लखनऊ में उसे दो हजार रुपये मिलते। आईबी भी मामले की तहकीकात करने स्टेशन पहुंची थी।